मिजोरम में सुनहरे बालों वाला चमगादड़ मिला

भारत में पहली बार पायी गयी चमगादड़ की यह दुर्लभ प्रजाति
golden_haired_tube-nosed_bat
सुनहरे बालों वाला चमगादड
Published on

शिलॉन्ग : भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई) के विज्ञानियों ने मिजोरम में सुनहरे बालों वाले चमगादड़ की खोज की है जिसकी नाक घूमी हुई ट्यूब जैसी है। चमगादड़ की यह दुर्लभ प्रजाति पहली बार देश में पायी गयी है।

आइजॉल जिले के हमयूफांग गांव के जंगल में मिला

जेडएसआई ने बताया कि मिजोरम में आइजॉल जिले के हमयूफांग गांव के जंगल में चमगादड़ों के शोधकर्ता डॉक्टर उत्तम सैकिया को ‘चमगादड़ जीवों पर व्यवस्थित सर्वेक्षण’ करने के दौरान यह प्रजाति मिली। इस पर विस्तृत तुलनात्मक अध्ययन के लिए डॉ सैकिया ने ‘हंगेरियन नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम’ के डॉ गैबोर सेसोरबा, जिनेवा के ‘नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम’ के डॉ. मैनुअल रुएदी और ‘नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन’ के डॉ रोहित चक्रवर्ती के साथ मिलकर काम किया। विदेश में संग्रहालयों के नमूनों की जांच और मिजोरम के नमूने का डीएनए विश्लेषण करने के बाद, टीम ने इस प्रजाति की पुष्टि सुनहरे बालों तथा ट्यूब की तरह नाक वाले चमगादड़ (हार्पियोला आइसोडॉन) के रूप में की।

आकर्षक ट्यूब जैसे नथुनों से भी पहचान

शोधकर्ताओं ने मिजोरम के लुंग्लेई जिले के सैरेप गांव से पहले इकट्ठा कियें गये एक पुराने नमूने का भी अध्ययन किया, और इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि यह भी इसी प्रजाति का है। इस नमूने को जेडएसआई कोलकाता में संरक्षित कर रखा गया था। सुनहरे बालों तथा ट्यूब की तरह नाक वाले चमगादड़ को पहली बार 2006 में ताइवान में खोजा गया था और फिर इसे दक्षिणी चीन और वियतनाम में भी देखा गया है। विज्ञानियों के अनुसार समझा जाता है कि यह पहाड़ी जंगलों में पायी जाने वाली प्रजाति है और लाओस, कंबोडिया, थाइलैंड और म्यांमार जैसे देशों में उपयुक्त निवासों में इसके होने की संभावना है। इस 32-36 मिमी लंबे हाथों वाले छोटे चमगादड़ की पहचान इसके सुनहरे बालों और आकर्षक ट्यूब जैसे नथुनों से होती है।

भारत में चमगादड़ की 136 प्रजातियां

डॉ. सैकिया और उनकी टीम एक दशक से भी ज्यादा समय से भारतीय हिमालय क्षेत्र में चमगादड़ जीवों के गहन अध्ययन में लगी हुई है, जिसके दौरान उन्होंने भारत के लिए कई नयी प्रजातियों और नये रिकॉर्डों का दस्तावेजीकरण किया है। जेडएसआई निदेशक डॉ. धृति बनर्जी ने कहा कि यह खोज पूर्वोत्तर भारत में और अधिक केंद्रित शोध की आवश्यकता को रेखांकित करती है, जो दो वैश्विक जैव विविधता हॉटस्पॉट में आता है। उन्होंने आगे कहा कि इस खोज के साथ, भारत में चमगादड़ की 136 प्रजातियों की पुष्टि की जा चुकी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in