सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया के चाकदह में एक गैरसरकारी बैंक से 14 करोड़ के सोने को लूटकर बदमाश फरार हो गये हैं। यह घटना मंगलवार की रात की है। इस घटना को लेकर पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए और जगह-जगह तलाशी शुरू की है। आरोप है कि बैंक से लगभग 15 किलो सोना लूट लिया गया है जिसकी कीमत लगभग 14 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस का अनुमान है कि लूट की इस घटना के पीछे बैंक के कर्मचारियों में किसी का हाथ हो सकता है जिसकी मदद से यह लूट कांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस बैंक कर्मचारियों से बारी-बारी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चाकदह थाने के लालपुर इलाके में चाकदह-बनगांव रोड स्थित इस निजी बैंक में दो बदमाशों ने धावा बोल दिया। उस समय बैंक के अंदर कुल चार कर्मचारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बैंक में आभूषण रखकर ऋण के रूप में पैसे दिए गए थे जिस कारण उस समय बैंक में काफी सोना था। बैंक में घुसते ही दोनों बदमाशों ने मुख्य द्वार का शटर नीचे कर दिया। फिर वे बैंक कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया। उन्होंने हथियार की नोंक पर सोने के आभूषणों को दो बैग में भरा और वह लेकर फरार हो गए। इसके बाद बैंक के कर्मचारियों ने चाकदह थाने की पुलिस को सूचना दी। बाद में भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस अधिकारी ने यह कहा
रानाघाट जिला पुलिस के एसपी आशीष कुमार मौर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि इस लूट के मामले में हालांकि पुलिस अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। जांचकर्ताओं ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किये हैं जिसमें दोनों बदमाशों को देखा गया है। पुलिस का कहना है कि उस फुटेज को दिखाकर जगह-जगह तलाशी ली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस बैंक कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि बैंक कर्मचारियों का बदमाशों से कोई संबंध हो सकता है। क्योंकि उस समय बैंक में सुरक्षा गार्ड नहीं थे। यह कई सवाल खड़े हुए हैं जिसकी दिशा में भी पुलिस छानबीन कर रही है।