नाइटक्लब अग्निकांड में जारी हुआ ‘इंटरपोल ब्लू नोटिस’, सौरव और गौरवा लूथरा को दबोचने की तैयारी

नाइट क्लब के भगोड़े मालिकों - सौरभ और गौरव लूथरा के वागाटोर समुद्र तट स्थित ‘रोमियो लेन’ के अवैध ‘शैक’ (झोपड़ी) को ध्वस्त करने का आदेश।
नाइटक्लब अग्निकांड में जारी हुआ ‘इंटरपोल ब्लू नोटिस’, सौरव और गौरवा लूथरा को दबोचने की तैयारी
Published on: 

नई दिल्लीः गोवा पुलिस ने नाइटक्लब अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी एवं क्लब के मालिकों सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ ‘इंटरपोल ब्लू नोटिस’ जारी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया है जिसके बाद इंटरपोल ने सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इसकी पुष्टि की है।

‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी और घटना के बाद सौरभ तथा गौरव देश छोड़कर भाग गए थे। गोवा पुलिस ने सोमवार को बताया कि अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में शनिवार को यह घटना हुई थी और यह माना जा रहा है कि इसके मालिक सौरभ लूथरा तथा गौरव लूथरा घटना के कुछ घंटे बाद ही थाईलैंड के फुकेत भाग गए।

नाइट क्लब अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हुई थी

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘गोवा पुलिस ने सौरभ और गौरव लूथरा को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सीबीआई के इंटरपोल प्रभाग के साथ समन्वय करने के मकसद से कदम उठाए हैं।’’ पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नाइट क्लब के 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं, जिनमें से चार दिल्ली से थे जबकि पांच घायलों का सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज जारी है।

इंटरपोल भगोड़ों को पकड़ने में मदद करता है

‘इंटरपोल ब्लू नोटिस’ किसी आपराधिक जांच के संबंध में किसी व्यक्ति की पहचान, स्थान या गतिविधियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी एकत्र करने के लिए जारी किया जाता है। एजेंसी भगोड़ों का पता लगाने के लिए गोवा पुलिस के अनुरोध के बाद इंटरपोल के संपर्क में है। भगोड़ों को हिरासत में लेने का प्रावधान देने वाले ‘रेड नोटिस’ केवल आरोप पत्र दाखिल होने तथा वांछित व्यक्ति के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद ही जारी किया जा सकता है।

क्लब का गिरफ्तार अधिकारी दिल्ली से गोवा लाया गया

गोवा के एक नाइट क्लब में आग लगने की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार पांचवें आरोपी भरत कोहली की ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के बाद राज्य पुलिस उसे मंगलवार को दिल्ली से पणजी ले आई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोहली इस अग्निकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया पांचवां आरोपी है। उससे पहले अंजुना पुलिस ने घटना के संबंध में नाइट क्लब के चार वरिष्ठ प्रबंधन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। अधिकारी के मुताबिक, कोहली को सोमवार को दिल्ली में हिरासत में ले लिया गया और मंगलवार को विमान से गोवा लाया गया, जिसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

सौरभ-गौरव लूथरा की शैक को गिराने का आदेश

इधर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अधिकारियों को आग से तबाह हुए नाइट क्लब के भगोड़े मालिकों - सौरभ और गौरव लूथरा के वागाटोर समुद्र तट स्थित ‘रोमियो लेन’ के अवैध ‘शैक’ (झोपड़ी) को ध्वस्त करने का आदेश दिया है। सीएमओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सावंत ने उत्तरी गोवा जिला प्रशासन को सभी औपचारिकताएं पूरी करने और वागाटोर में समुद्र तट पर बनी शैक को ध्वस्त करने का निर्देश दिया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह शैक सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई है। इसे मंगलवार को गिरा दिया जाएगा।’’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in