गोवा नाइट क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

गोवा के नाइट क्लब बर्च बाई रोमियो लेन में भयानक अग्निकांड के दिन ही इसके मालिक दोनों भाई थाईलैंड के फुकेट भाग गये थे।
गोवा नाइट क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी
Published on

नई दिल्लीः गोवा पुलिस और भारत सरकार की तत्परता की वजह से नाइट क्लब अग्निकांड में वांछित सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूथरा भाई गोवा के नाइट क्लब बर्च बाई रोमियो लेन के मालिक हैं।

घटना के दिन सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र फुकेट भाग गए थे। नाइट क्लब अग्निकांड में 25 लोगों के जलकर मारे जाने के बाद दोनों भाइयों को जल्द गिरफ्तार करने का गोवा पुलिस पर भारी दबाव था। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा केंद्र सरकार से संपर्क किये जाने के बाद भारत सरकार की तरफ से सख्त कार्रवाई की शुरुआत हो गई थी। सरकार ने दोनों भाइयों के खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया था।

हथकड़ी में दिखे दोनों लूथरा भाई

थाईलैंड पुलिस ने गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को गिरफ्तार करने के बाद एक फोटो जारी किया है। इस तस्वीर में गौरव और सौरभ लूथरा के हाथों में हथकड़ी है और दोनों भाई का पासपोर्ट भी दिख रहा है। इस तस्वीर में पास में खड़ा अधिकारी दोनों भाइयों का पासपोर्ट दिखा रहा है। बता दें कि भारत सरकार ने लूथरा ब्रदर्स का पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद दोनों का पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट सस्पेंड होने के बाद उनका थाईलैंड में रहना गैर कानूनी हो गया था। इसी कारण से थाईलैंड सरकार ने दोनों को हिरासत में लिया है। अब भारतीय अधिकारी थाईलैंड सरकार से दोनों भाइयों को वापस भारत भेजने की मांग करेंगे।

लूथरा भाइयों को भारत लाने की तैयारी

एनडीटीवी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि सरकार अब लूथरा ब्रदर्स को जल्दी ही भारत लाने की कोशिश शुरू कर सकती है। सरकारी सूत्रों से जब ये पूछा गया कि कब लूथरा ब्रदर्स को डिपोर्ट किया जाएगा, तो उन्होंने बताया कि जैसे ही भारतीय अथॉरिटी अपने लोगों को वहां भेजेगी उसके बाद उन्हें वापस लाया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in