मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शनिवार, 21 नवंबर की देर रात ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ समारोह का आयोजन किया गया। दिव्याज फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और आध्यात्मिक गुरु एवं ईशा फाउंडेशन के संस्थापक पद्म विभूषण सद्गुरु जग्गी वासुदेव विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
सद्गुरु से फडणवीस ने किए सवाल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सद्गुरु के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस बार मुख्यमंत्री फडणवीस स्वयं सवाल पूछने वाले की भूमिका में नजर आए और उन्होंने सद्गुरु से नेतृत्व, जीवन तथा समाज से जुड़े विषयों पर सवाल किए। सद्गुरु ने भी उनके सवालों के जवाब दिए।
आत्मनियंत्रण बेहद जरूरी : सद्गुरु
कार्यक्रम में सद्गुरु ने युवाओं के सामने करियर, सोशल मीडिया और अपेक्षाओं के बढ़ते दबाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए व्यक्ति को अपनी आंतरिक स्थिति, विचारों और भावनाओं पर नियंत्रण रखना सीखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी खुशी और मानसिक शांति की जिम्मेदारी दूसरों पर नहीं डालनी चाहिए।
राजनीतिक नेतृत्व से जुड़े सवाल पर सद्गुरु ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य सही नीतियां बनाकर समाज को दिशा देना होना चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रशासन, युद्धनीति और कठिन परिस्थितियों में भी मानवीय मूल्यों को बनाए रखने की क्षमता की भी सराहना की।
महाराष्ट्र में पानी की कमी और सूखे की समस्या पर चर्चा के दौरान सद्गुरु ने वृक्ष आधारित खेती को उपयोगी विकल्प बताया। उनके अनुसार, खेतों में पेड़ लगाने से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है, पानी का जमीन में रिसाव बढ़ सकता है और भूजल स्तर को सुधारने में मदद मिल सकती है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
26/11 के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों, जवानों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देना था। कार्यक्रम में शहीदों के परिवारों को भी आमंत्रित किया गया। आयोजकों ने आतंकवाद, हिंसा और नफरत के खिलाफ एकजुटता तथा मानवता और भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शांति किसी भी समाज की प्रगति और समृद्धि का मजबूत आधार है। शांति बनाए रखने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी भी जरूरी है।
सचिन तेंदुलकर और अन्य हस्तियों को मिला सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों पद्म विभूषण सद्गुरु, भारतरत्न सचिन तेंदुलकर, उद्योगपति बी. प्रभाकरन और 26/11 हमले की प्रत्यक्षदर्शी देविका रोटावन को ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, अमृता फडणवीस सहित कई मंत्री और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न देशों के राजनयिक, उद्योग जगत की हस्तियां, अभिनेता, कलाकार और 26/11 हमले में शहीद हुए लोगों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए।
शांति, सेवा और मानवता का संदेश
दिव्याज फाउंडेशन का यह आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के योगदान को पहचान देने और उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता और समाज कल्याण जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख हुआ।
गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित इस समारोह ने 26/11 के शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ शांति, सद्भाव, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।