

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : डिम्ड यूनिवर्सिटी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई मंच (जॉइंट एक्शन फोरम) ने सोमवार यानी कल को पूरे अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में पूर्ण दिवस जनरल कॉल ऑफ का आह्वान किया है।
यह जनरल कॉल ऑफ प्रस्तावित “डिम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी” की स्थापना और द्वीपों के मौजूदा कॉलेजों को प्रस्तावित डिम्ड यूनिवर्सिटी से संबद्ध किए जाने की योजना के कड़े विरोध में घोषित किया गया है। संयुक्त कार्रवाई मंच ने कहा कि डिम्ड यूनिवर्सिटी बनाने तथा सभी द्वीपीय कॉलेजों को इसके अधीन लाने का निर्णय छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम जनता सहित प्रमुख हितधारकों से पर्याप्त परामर्श किए बिना लिया गया है।
मंच ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कदम से शैक्षणिक मानकों और छात्रों को मिलने वाली डिग्रियों की मान्यता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है तथा भविष्य में फीस वृद्धि और परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका भी है। ‘जनरल कॉल ऑफ’ के समर्थन में सभी दुकानें, बाजार, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, निजी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को ‘जनरल कॉल ऑफ’ रखने का अनुरोध किया गया है, हालांकि अस्पताल, आपात सेवाएं और उपयोगिताएं जैसी आवश्यक सेवाओं के बिना बाधा जारी रहने की उम्मीद जताई गई है।
संयुक्त कार्रवाई मंच ने द्वीपवासियों से लोकतांत्रिक विरोध में शांतिपूर्ण ढंग से भाग लेने और समर्थन देने की अपील की है तथा प्रशासन से प्रस्ताव पर पुनर्विचार कर सभी हितधारकों के साथ पारदर्शी चर्चा शुरू करने का आग्रह भी किया है। आयोजकों ने जोर देकर कहा कि ‘जनरल कॉल ऑफ’ शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता के सहयोग की अपेक्षा की गई है।