

कामर्शियल LPG सिलेंडर की नयी कीमत 1 अप्रैल से लागू
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का असर अब भारत के गैस बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते तेल कंपनियों ने कामर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। बुधवार से लागू इस नयी दर के तहत 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की वृद्धि की गई है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद कोलकाता में एक कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,208 रुपये हो गई है। हालांकि लगातार बढ़ती कीमतों से होटल, रेस्तरां और छोटे व्यवसायों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
हालांकि, इस बार घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे मध्यम वर्ग को कुछ हद तक राहत मिली है, जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद स्थिति और बिगड़ गई। जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध कर दिया, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस महत्वपूर्ण मार्ग के बाधित होने से दुनिया भर में ईंधन संकट गहराने लगा है।
हर महीने तय होती हैं LPG की कीमतें
गौरतलब है कि सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के आधार पर ही कीमतें तय की जाती हैं। सूत्रों के अनुसार, यदि मध्य पूर्व में तनाव जारी रहता है, तो आने वाले समय में गैस की कीमतों में और बढ़ोतरी संभव है।