बारुईपुर में 'डॉक्टर' लिखी कार से गांजा की तस्करी, पांच गिरफ्तार

सांकेतिक गांजे की तस्वीर
सांकेतिक गांजे की तस्वीर
Published on: 

बारुईपुर : बारुईपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘डॉक्टर’ लिखी एक कार से भारी मात्रा में गांजा की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में कार चालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। यह घटना रविवार को बारुईपुर आमतल्ला रोड स्थित तंगतल्ला इलाके की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को बारुईपुर पुलिस इलाके में नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार, जिस पर आगे ‘डॉक्टर’ लिखा हुआ था, को जांच के लिए रोका गया। पहले-पहल कार पर डॉक्टर लिखा देखकर किसी को संदेह नहीं हुआ, लेकिन पुलिस अधिकारियों को कुछ संदेह हुआ और उन्होंने कार की गहन तलाशी ली। जब डिक्की खोली गई, तो उसमें से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार में सवार ड्राइवर सहित कुल पांच लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गांजा के साथ-साथ कुछ नकदी और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी बारुईपुर इलाके के निवासी हैं। उन्होंने ओडिशा के बरहामपुर से गांजा लाकर बारुईपुर व आसपास के इलाकों में तस्करी की योजना बनाई थी। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किसे और कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे गांजा की तस्करी कर रहे थे और डॉक्टर लिखा बोर्ड इस्तेमाल करके पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई थी। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News