बजट से वित्त प्रबंधन तक, अब विधायकों की होगी ट्रेनिंग

समझाई जाएगी सरकारी धन प्रबंधन की प्रक्रिया
विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस
विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस
Published on

कोलकाता : सरकारी धन के प्रबंधन और राज्य के बजट की बारीकियों से विधायकों को अवगत कराने के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा की ओर से एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला मंगलवार, 18 अगस्त को होगी, जिसमें विधानसभा के सभी 294 सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। इनमें 181 नव निर्वाचित विधायक भी शामिल हैं।

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के सहयोग से होने वाली इस कार्यशाला का मुख्य विषय ‘पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट’ होगा। इसमें विधायकों को राज्य का बजट तैयार करने की प्रक्रिया, बजट में शामिल आंकड़ों को समझने और विभिन्न वित्तीय प्रस्तावों की समीक्षा के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा सरकारी वित्तीय व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। विधायकों को एफआरबीएम कानून के प्रावधानों से अवगत कराने के साथ यह भी बताया जाएगा कि जनप्रतिनिधि सरकारी वित्त के प्रभावी इस्तेमाल और निगरानी में किस तरह भूमिका निभा सकते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण का प्रस्ताव जगदल के विधायक राजेश कुमार ने रखा था। प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए ICAI ने कार्यशाला आयोजित करने की पहल की है।

विधानसभा सूत्रों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य विधायकों को वित्तीय मामलों की बेहतर समझ देना और बजट से जुड़े निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। खासकर पहली बार निर्वाचित हुए 181 विधायकों के लिए यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in