उत्तर 24 परगना के हाड़ोआ में हड़कंप!

परित्यक्त बगीचे से कई ताजा बम बरामद
 Bombs Recovered From Abandoned Garden in Haroa, West Bengal; Panic Shifts to Locals
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अंतर्गत आने वाले हाड़ोआ इलाके में भारी मात्रा में ताजा बम बरामद होने से हड़कंप मच गया है। यह घटना मीनाखां विधानसभा क्षेत्र के हाड़ोआ थाना अंतर्गत पायरागाछी इलाके की है, जहां एक सुनसान और परित्यक्त बागानबाड़ी (बगीचे) से कई जिंदा बम मिले हैं। चुनावी नतीजों के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आ रही हिंसा और अशांति की खबरों के बीच बम मिलने की इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह इलाके के कुछ निवासियों ने उस सुनसान बगीचे के भीतर कुछ संदिग्ध वस्तुएं बिखरी हुई देखीं। जब वे थोड़ा करीब गए, तो उन्हें समझ आया कि वे हुबहू बम जैसे दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। खबर मिलते ही हाड़ोआ थाने की पुलिस और केंद्रीय बल (सेंट्रल फोर्स) के जवान भारी संख्या में मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आम लोगों को घटनास्थल से काफी दूर हटा दिया। इसके बाद बमों को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर उन्हें निष्क्रिय (डिफ्यूज) करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

हाड़ोआ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है

पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, ये बम वहां किस मकसद से छिपाकर रखे गए थे और इसके पीछे किन असामाजिक तत्वों का हाथ है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। हाड़ोआ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुराग जुटाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in