

मुंबईः फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सोमवार देर रात मुंबई पहुंचे जहां वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक करेंगे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता भारत एवं फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में भारत-फ्रांस के बीच व्यापक रक्षा समझौते पर चर्चा होने और समझौते होने के आसार हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हवाई अड्डे पर मैक्रों की अगवानी की। फडणवीस ने मैक्रों के मुंबई पहुंचने के कुछ देर बाद रात लगभग दो बजे ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुंबई में आपका स्वागत है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों के मुंबई पहुंचने पर उनका हार्दिक स्वागत है। महाराष्ट्र आपका स्वागत करता है। राष्ट्रपति मैक्रों और पूरे फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के सुखद प्रवास और सफल यात्रा की कामना करता हूं।’’ मैक्रों का स्वागत करने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी हवाई अड्डे पर मौजूद थीं।
मैक्रों ने भारत के लिए रवाना होते समय ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘भारत रवाना हो गया हूं। मुंबई से नयी दिल्ली तक तीन दिन का सफर... ताकि हमारी रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके। मेरे साथ विमान में व्यापार जगत के दिग्गज और आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं डिजिटल क्षेत्र के वे लोग हैं जो भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को वास्तविक, ठोस रूप देते हैं। हम साथ मिलकर सहयोग को और आगे ले जाएंगे। मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी, कल मिलते हैं।’’
दोनों नेता मंगलवार दोपहर दक्षिण मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय संवाद करेंगे। इसके बाद वे भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के व्यापार जगत के नेताओं, स्टार्ट-अप, शोधकर्ताओं तथा अन्य नवोन्मेषकों की एक सभा को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर मैक्रों का किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर उत्साहित है। मोदी ने ‘एक्स’ पर मैक्रों की एक ‘पोस्ट’ पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही। फ्रांस के राष्ट्रपति ने पोस्ट में कहा था कि वह भारत रवाना हो गए हैं और मुंबई एवं नयी दिल्ली की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान वह एवं मोदी दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और आगे ले जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा और हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित है। मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक प्रगति में योगदान देगी। मेरे प्रिय मित्र- इमैनुएल मैक्रों, मुंबई में और फिर दिल्ली में मिलते हैं।’’
मैक्रों कल दिल्ली पहुंचेंगे और एआई समिट में हिस्सा लेंगे
मोदी और मैक्रों की चर्चा रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा उन्हें नए एवं उभरते क्षेत्रों में और अधिक विविध बनाने पर केंद्रित होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे। वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
राष्ट्रपति मैक्रों भारत की मेजबानी में आयोजित कृत्रिम मेधा (एआई) प्रभाव शिखर सम्मेलन में भाग लेने और मुंबई में द्विपक्षीय शिखर बैठक करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हैं। यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है।