

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात: उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। अशोकनगर के खोसबदेलपुर शेखपाड़ा इलाके में स्थित चार पोल्ट्री फार्मों में अचानक आग लग जाने से करीब 12,000 मुर्गियां जिंदा जल गईं। इस हादसे में पोल्ट्री मालिकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
चश्मदीदों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे अचानक एक पोल्ट्री फार्म से धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। पोल्ट्री फार्म की छतें पुआल और बांस (बिचुली) से बनी होने के कारण आग ने बेहद कम समय में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पास के तीन अन्य फार्मों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मुर्गियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला।
आग लगते ही स्थानीय निवासियों और पोल्ट्री मालिकों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन वे नाकाम रहे। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल केंद्र को समय पर सूचना देने के बावजूद गाड़ियां देरी से पहुंचीं, जिसके कारण सब कुछ जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पोल्ट्री फार्म में सूखे पुआल की मौजूदगी ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आग में 10 से 12 हजार मुर्गियों की मौत हुई है, जिससे पोल्ट्री मालिकों को करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
देरी से पहुंचने के आरोपों पर दमकल विभाग ने सफाई देते हुए कहा कि अशोकनगर रेल गेट पर भारी ट्रैफिक जाम होने के कारण गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लगा। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है कि यह शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई और मानवीय चूक थी।