

कोलकाता : दो साल पहले आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने के आरोप में पानीहाटी के पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। मृतका के पिता की शिकायत पर खड़दह थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार एफआईआर दर्ज होने के बाद निर्मल ओडिशा में छिपे हुए थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह नया मोबाइल फोन और सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहे थे। पुराने फोन को बंद कर रखा था। मंगलवार को मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर पुलिस को उनके ठिकाने का पता चला।
गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे जांच टीम ने पुरी के पास एक होटल में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। निर्मल को पहले ओडिशा की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की तैयारी है। शुक्रवार को उन्हें बैरकपुर अदालत में पेश किया जा सकता है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त 2024 को राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उनकी बेटी का जल्द अंतिम संस्कार कराया गया। परिवार को पर्याप्त समय भी नहीं दिया गया।
उनके बेटे तीर्थंकर घोष को जुलाई में गिरफ्तार किया गया था। निर्मल पानीहाटी से 2011, 2016 और 2021 में लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं। निर्मल और उनके बेटे तथा इस बार पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार तीर्थंकर घोष के खिलाफ वसूली, अवैध हथियारों के प्रदर्शन और लॉटरी टिकट हड़पने समेत कई आरोप हैं।
इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने गत 13 जुलाई को निर्मल के बेटे को दक्षिणेश्वर से गिरफ्तार किया था। हालांकि, निर्मल तब से ही फरार थे।