'पूर्व शिक्षिका' ममता को स्कूल की ओर से सम्मान, भावुक हुईं मुख्यमंत्री

शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर मिला सम्मान
 मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता: शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके शिक्षिका के दिनों की याद दिलाते हुए भवानीपुर मॉडर्न स्कूल (पूर्व नाम मन्मथनाथ नंदन बॉयज एंड गर्ल्स स्कूल) की ओर से विशेष सम्मान दिया गया। गुरुवार को धनधान्य स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि पूर्व शिक्षिका ममता बनर्जी को सम्मानित किया गया, जहां वे भावुक हो उठीं।

स्कूल की प्रधानाध्यापिका डॉ. श्रीलता डे और छोटे-छोटे छात्रों ने सम्मानित किया। बच्चों ने उन्हें पुष्प भेंट किए, और मुख्यमंत्री ने भी बदले में उनके माथे पर चंदन का टिका लगाकर स्नेह जताया। इस अवसर पर ममता बनर्जी ने स्कूल से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा कीं और बताया कि, यह स्कूल बिकने वाला था, हम लोगों ने उसे रोका और एक नया स्कूल बनवाया। अब यहां दोनों — बांग्ला और इंग्लिश — माध्यम में पढ़ाई होती है। स्मार्ट क्लास रूम और खूबसूरत पेंटिंग से सजाया गया स्कूल देखकर मैं खुद हैरान हूं।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने वर्ष 1975 से 1978 तक इस स्कूल के प्राथमिक विभाग में शिक्षिका के रूप में सेवा दी थी। इतने वर्षों बाद भी स्कूल की ओर से उन्हें याद रखा गया और शिक्षिका के रूप में सम्मानित किया गया — यह उनके लिए एक बेहद भावनात्मक क्षण था। समारोह के दौरान ममता ने कहा, आज भी मुझे एक शिक्षिका के रूप में याद रखा गया है, यह मेरे लिए बहुत ही गर्व और भावुकता का विषय है। मैं सभी को दिल से धन्यवाद देती हूं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in