पूर्व न्यायाधीश रबींद्रनाथ सामंत बने बंगाल के नए लोकायुक्त

मानवाधिकार आयोग प्रमुख यथावत
रबींद्रनाथ सामंत
रबींद्रनाथ सामंत
Published on

कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के नए लोकायुक्त के रूप में कलकत्ता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश रबींद्रनाथ सामंत की नियुक्ति की है। वे पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति असीम राय के स्थान पर पदभार संभालेंगे। सोमवार को नवान्न में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में लोकायुक्त चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।

इसके साथ ही राज्य सरकार ने मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन ज्योतिर्मय भट्टाचार्य को अगले कार्यकाल के लिए बनाए रखने का फैसला भी किया है। जानकारी के अनुसार, न्यायमूर्ति सामंत वर्ष 1987 में न्यायिक सेवा से जुड़े। अपने लंबे करियर में उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट, महानगरीय मजिस्ट्रेट, सिविल जज (सीनियर डिविजन), जिला एवं सत्र न्यायाधीश, तथा कोलकाता सिटी सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जैसे कई अहम पदों पर कार्य किया। वे कलकत्ता हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

वर्ष 2021 में उन्हें कलकत्ता हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 24 जून 2023 को वे सेवानिवृत्त हुए। मानवाधिकार आयोग में ज्योतिर्मय भट्टाचार्य को बनाए रखने के फैसले को राज्य सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता और मानवाधिकार संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को नवान्न में लोकायुक्त और मानवाधिकार आयोग प्रमुख की नियुक्ति को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा किया। अब इन नियुक्तियों को राज्यपाल की औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in