

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से बैंक धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। बैंक के 'नो क्लेम फिक्स्ड डिपॉजिट' (FD) खातों में फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये अपने निजी खाते में ट्रांसफर करने के आरोप में एक पूर्व बैंक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। हाबरा थाना पुलिस ने तड़के गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व मैनेजर अभिजीत को उनके कोलकाता स्थित सरसुना आवास से धर दबोचा। बैंक खातों और आंतरिक दस्तावेजों की जांच के दौरान इस वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ था, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बैंक अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी पूर्व मैनेजर को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि फर्जीवाड़े के जरिए कुल कितने रुपये का गबन किया गया है। इसके अलावा, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस धोखाधड़ी में बैंक के अन्य कर्मचारी या कोई बाहरी गिरोह भी शामिल था।