वन विभाग ने अवैध लकड़ी और औजार बरामद जब्त किये

वन विभाग ने अवैध लकड़ी और औजार बरामद जब्त किये
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : दक्षिण अंडमान वन मंडल की मोबाइल स्क्वाड टीम ने अवैध रूप से काटी गयी लकड़ी के कारोबार के खिलाफ एक के बाद एक सफल कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी, औजार और अन्य सामग्री जब्त की है। इन अभियानों का नेतृत्व वन रेंजर होशेया और फॉरेस्टर उत्तम कुमार मिस्री ने किया। पहला अभियान 06 नवम्बर 2025 को विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर चलाया गया। इसमें टीम ने तीन आरोपितों को पकड़ा, जिनके पास से 0.1208 क्यूबिक मीटर अवैध रूप से आरी से कटी लकड़ी, एक इंजन डिंगी और एक हॉलिस डिंगी बरामद की गई। पकड़े गए आरोपितों और जब्त की गई वस्तुओं को आगे की कार्रवाई के लिए जिरकाटांग रेंज अधिकारी को सौंप दिया गया। पूरी कार्रवाई वन रेंजर होशेया के पर्यवेक्षण में की गई। इसी क्रम में 7 नवम्बर 2025 को मोबाइल स्क्वाड टीम ने एक और अभियान चलाया। यह कार्रवाई भी विश्वसनीय सूचना पर की गई थी। टीम ने शोअल बे-10 निवासी दिलीप बारा के आवास और परिसर की तलाशी ली। तलाशी अभियान वन विभाग द्वारा प्राप्त वारंट के तहत संचालित किया गया। तलाशी के दौरान 16 टुकड़े अवैध हाथ से आरी से काटी गई लकड़ी विभिन्न आकारों में बरामद की गई, जिनका कुल आयतन 0.1939 घन मीटर पाया गया। बरामद लकड़ी और आरोपित को आगे की कार्रवाई हेतु मन्नारघाट रेंज अधिकारी के हवाले कर दिया गया है। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध वन या वन्यजीव गतिविधियों की सूचना विभाग के हेल्पलाइन नंबर 03192-255228 पर दें। विभाग ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इन लगातार सफल अभियानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दक्षिण अंडमान वन विभाग अवैध लकड़ी तस्करी और वन संसाधनों की लूट के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in