निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: खाद्य सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित एक नामी शॉपिंग मॉल के फूड कोर्ट में प्रशासन द्वारा सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया। हावड़ा सदर के उप-विभागीय अधिकारी (SDO) विवेक पंकज के नेतृत्व में हावड़ा नगर निगम (HMC) और स्वास्थ्य व खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कई प्रमुख रेस्टोरेंट का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शिवपुर थाने की पुलिस भी मौजूद रही।
लाइसेंस से लेकर खाने की गुणवत्ता की जांच; नियमों की अनदेखी पर कई रेस्टोरेंट को नोटिस
प्रशासनिक टीम ने फूड कोर्ट में संचालित दुकानों के FSSAI लाइसेंस, कच्चे व पके खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और किचन हाइजीन का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में यह भी देखा गया कि भोजन तैयार करने वाले कर्मचारी स्वास्थ्य व सुरक्षा मानकों का सही से पालन कर रहे हैं या नहीं। निरीक्षण के बाद महकमा शासक विवेक पंकज ने बताया कि कई लोकप्रिय रेस्टोरेंट के किचन में स्वास्थ्य एवं सफाई संबंधी नियमों की अनदेखी पाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को जल्द नोटिस जारी कर सुधार करने के कड़े निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।