हावड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा !

बेकरी समेत प्रसिद्ध रेस्टोरेंट सील
Food Safety Raid in Howrah: Bakery and Popular Restaurant Shut Down
हावड़ा में चलाया जा रहा जांच अभियान REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा और आसपास के उपनगरीय इलाकों में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डोमजूड़ और कोना एक्सप्रेसवे से सटे विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। स्वच्छता मानकों और स्वास्थ्य नियमों का घोर उल्लंघन पाए जाने पर कई दुकानों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

काट लिया में बिना लाइसेंस चल रही बेकरी बंद, राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिला सड़ा मांस

कार्रवाई की शुरुआत डोमजूड़ के काट लिया स्थित एक बेकरी से हुई, जहां न तो फूड सेफ्टी लाइसेंस था और न ही फायर सेफ्टी एनओसी। भारी अव्यवस्था पाए जाने पर बेकरी को तुरंत बंद करा दिया गया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में जांच के दौरान सड़ी हुई मछली और मांस बरामद हुआ। डिप्टी सीएमओएच (2) डॉ. प्रशांत चौधरी ने बताया कि रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर उसे अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया गया है। तय समय सीमा में सुधार न करने पर इसे पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा।

बेलेपोल के नामी रेस्टोरेंट को कारण बताओ नोटिस, खराब खाना कराया गया नष्ट

टीम ने हावड़ा नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर बेलेपोल के एक अन्य प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में भी छापेमारी की। वहां डीप फ्रीजर में रखे गए मछली, मांस और पनीर में खरीद की तारीख दर्ज नहीं थी, जिसके कारण खाद्य पदार्थों को तुरंत फेंकवा दिया गया। इसके अलावा, पनीर में बाल मिलने पर अधिकारियों ने सख्त नाराजगी जताई और प्रबंधन को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in