

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल सरकार ने राशन व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने घोषणा की है कि अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत राशन कार्ड धारक परिवार के प्रत्येक सदस्य को अब प्रति व्यक्ति 7 किलोग्राम चावल दिया जाएगा। राज्य भर के लगभग 500 राइस मिल मालिकों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में खाद्य मंत्री ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से केवल ग्रेड-ए और उन्नत गुणवत्ता का चावल ही जनता तक आपूर्ति किया जाए।
कहा - राशन कार्ड धारकों को मिलेगा प्रति व्यक्ति 7 किलो चावल
खाद्य मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राशन प्रणाली में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि या भ्रष्टाचार में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने डीलरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि उन्हें किसी भी तरह का घटिया या निम्न गुणवत्ता वाला चावल या गेहूं प्राप्त होता है, तो वे उसे तुरंत स्वीकार न करें और सीधे डिस्ट्रीब्यूटर को लौटा दें।