नयी दिल्ली : देश की एअरलाइन्स की फ्लाइट में तकनीकी खामी आने और फ्लाइट के कैंसिल होने का सिलसिला जारी है। सोमवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट और इंडिगो की एक फ्लाइट में प्रॉब्लम आयी। वहीं रविवार को एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकराने के चलते अगली फ्लाइट रद्द कर दी गयी।
विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा
इंडिगो की सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट 6ई 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) तकनीकी खराबी के चलते रनवे के बीच से लौट आयी। फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। इंदौर एअरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि विमान में मामूली तकनीकी खामी की जानकारी सामने आयी थी। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में भी आयी तकनीकी खराबी
एअर इंडिया एक्सप्रेस की सोमवार को जयपुर से दुबई की फ्लाइट में टेक ऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी खराबी आ गयी। इसके बाद रनवे एरिया से पायलट ने फ्लाइट को फिर से एप्रन में पहुंचाया। इसमें 130 यात्री सवार थे। करीब 5 घंटे तक फ्लाइट को ठीक करने की कोशिश की गयी। फिर भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुबई की इस फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया गया। इससे पहले एअर इंडिया की तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को रविवार को कैंसिल कर दिया गया।
एअर इंडिया ने 19 घरेलू रूट पर उड़ानें घटायीं
एअर इंडिया ने तीन उड़ानों को 15 जुलाई तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इसमें दो इंटरनेशनल फ्लाइट बेंगलुरू से सिंगापुर, पुणे से सिंगापुर की हैं। वहीं एक डोमेस्टिक फ्लाइट है, जो मुंबई से बागडोगरा चलती है। एअरलाइन ने रविवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि वे 19 रूट पर चलने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट्स की संख्या भी घटा रहे हैं। ये सभी नैरोबॉडी विमान हैं, यह छोटे विमान होते हैं जिनमें यात्री क्षमता कम होती है। इससे पहले एअरलाइन ने वाइडबॉडी विमानों की संख्या 15 फीसदी कम करने का फैसला लिया था।