भाटपाड़ा फायरिंग कांड में 5 आरोपी गिरफ्तार

सांसद पार्थ भौमिक बोले- "अपराधियों की अब खैर नहीं"
Five accused arrested in the Bhatpara firing incident.
भाटपाड़ा पुलिस ने किया अभियुक्तों को गिरफ्तार
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

भाटपाड़ा: उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में रविवार को हुई दिनदहाड़े फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साल के पहले रविवार को हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी, जिस पर अब प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसा है।

सोमवार को हुई गिरफ्तारी और कोर्ट में पेशी

भाटपाड़ा थाने की पुलिस ने सोमवार को इलाके के विभिन्न हिस्सों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान घटना में शामिल पांच अभियुक्तों—सुमीत विश्वास, विकास घोष, झंटू पाल, विप्लव पाल और सुशांत पाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को ही सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांचकर्ता अब इस बात का पता लगा रहे हैं कि इन आरोपियों के पास हथियार कहाँ से आए और इनका मुख्य सरगना कौन है।

Five accused arrested in the Bhatpara firing incident.
भाटपाड़ा पुलिस ने किया अभियुक्तों को गिरफ्तार

क्या था मामला?

रविवार दोपहर करीब दो बजे भाटपाड़ा नगरपालिका के 6 नंबर वार्ड स्थित निमबागान क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए थे। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन सरेआम गोलीबारी से निमबागान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। शुरुआती जांच में इसे आपसी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

सांसद पार्थ भौमिक का कड़ा रुख

इस मामले में बैरकपुर के तृणमूल सांसद पार्थ भौमिक ने कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा, "भाटपाड़ा या बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में अब कोई भी अपराधी खुलेआम नहीं घूम सकता। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर इस पर अंकुश लगाया है। अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।"

स्थानीय पार्षद मिली दत्त ने भी शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से हथियारों की तस्करी और उनके आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in