हावड़ा के अमता में बेजुबान पर अत्याचार !

जांच में जुटा वन विभाग
West Bengal: Fishing Cat Brutally Killed in Howrah's Amta, Forest Department Investigates
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के अमता 2 नंबर ब्लॉक के नारिट गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ग्रामीणों ने कथित तौर पर आतंक और गुस्से में आकर एक पूर्ण वयस्क बाघरोल (मेछो बिल्ली) की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के दो दिन बाद जब यह मामला सामने आया, तो पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने इस पर गहरा विरोध जताया।

बताया जा रहा है कि नारिट गांव के मालिक पाड़ा में पिछले कुछ दिनों से रात के अंधेरे में लोगों के बत्तख, मुर्गे और यहाँ तक कि बकरियां भी गायब हो रही थीं। ग्रामीणों को शक था कि इसके पीछे इसी जीव का हाथ है। कुछ ग्रामीणों ने इसे बाघ समझकर शोर मचाया और इसके बाद बाघरोल का शव एक बांस के बगीचे से बरामद हुआ।

सूचना मिलने पर 'वाइल्डलाइफ एनवायरमेंट सेवियर ट्रस्ट' के कार्यकर्ता और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्यकर्ताओं के अनुसार, मृत बाघरोल की गर्दन पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। शरीर में सड़न शुरू होने के कारण वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं का कहना है कि ये जीव इंसानों पर हमला नहीं करते, लेकिन निवास स्थान और भोजन की कमी के कारण ये रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं। फिलहाल वन विभाग अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामले की जांच कर रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in