309 उम्मीदवार हैं करोड़पति, 23% के खिलाफ आपराधिक मामले

11% महिला उम्मीदवार मैदान में, 2 उम्मीदवारों की आयु 80 वर्ष से अधिक, 14 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता असाक्षर घोषित की है
 पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन
पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव का पहला चरण 23 अप्रैल को है। इसमें 152 सीटों पर मतदान होंगे। पहले चरण के उम्मीदवारों ने अपने बारे में वित्तीय, आपराधिक, शिक्षा एवं अन्य विवरण घोषित किये हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच ने पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 1478 में से 1475 उम्मीदवारों के शपथपत्रों (सेल्फ शो एफिडेफिट) का विश्लेषण किया हैं। इनमें कितने उम्मीदवार करोड़पति हैं, किसकी कितनी शिक्षा है, कितने उम्मीदवार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं तथा कितनों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं, यह जानकारी गुरुवार को वेस्ट बंगाल इलेक्शन वॉच द्वारा प्रेस कांफ्रेंस में स्टेट को-आर्डिनेटर उज्जैनी हलीम ने दी। इस दौरान ए के सामंत, डॉ. एम एन मंडल ने भी कई तथ्य पेश किये। प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि पहले चरण के मतदान में 1478 प्रार्थियों में से 3 प्रार्थी को छोड़कर 1475 उम्मीदवारों के एफिडेफिट के आधार पर यह विवरण दिया गया है। तीन उम्मीदवारों के एफिडेविट में समस्या थी। वहीं करोड़पति उम्मीदवारों में तृणमूल के उम्मीदवारों की संख्या अधिक है। मुर्शिदाबाद से तृणमूल उम्मीदवार जाकिर हुसैन के पास सबसे अधिक संपत्ति है। एसयूसीआई (सी) से जलपाईगुड़ी से उम्मीदवार जशोदा बर्मन ने सबसे कम संपत्ति घोषित की है। 99 % उम्मीदवारों ने अपना पैन दिखाया है जबकि 19 उम्मीदवार ने ऐसा नहीं किया है। वहीं 20% उम्मीदवारों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं।

भाजपा के 70 % और तृणमूल के 43 % उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले इस रिपोर्ट में 23 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की जानकारी दी है।भाजपा के उम्मीदवारों पर आपराधिक मामलों की संख्या सबसे अधिक है, जिसमें 152 उम्मीदवारों में से 106 ने अपने हलफनामे में ऐसे मामलों की जानकारी दी है।तृणमूल कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारे गए 148 उम्मीदवारों में से 63 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट से जुड़े एक प्रतिनिधि ने कहा, आंकड़े एक बार फिर दिखाते हैं कि बार-बार अदालती निर्देशों के बावजूद पार्टियां स्वच्छ सार्वजनिक जीवन की तुलना में जीतने की संभावना को प्राथमिकता देती रहती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 19 उम्मीदवारों ने हत्या से संबंधित मामलों की घोषणा की है, जबकि 105 ने हत्या के प्रयास के मामलों की जानकारी दी है। 98 उम्मीदवारों ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित मामलों का खुलासा किया है, जिनमें छह उम्मीदवार बलात्कार से संबंधित आरोपों की घोषणा कर चुके हैं।

यह अहम जानकारी

आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार : 345 (23%)

गंभीर आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार : 294 (20%)

करोड़पति उम्मीदवार : 309 (21%)

1.34 करोड़, उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति

पहले चरण में 1475 में से 309 (21 %) उम्मीदवार करोड़पति

⁠AITC के 148 में से 106 (72 %)

BJP के 152 में से 71 (47 %)

INC के 151 में से 50 (33 %)

CPIM के 98 में से 24 (24 %) उम्मीदवार करोड़पति हैं।

(घोषित संपत्ति 1 करोड़ से ज्यादा)

कौन सी पार्टी के कितने उम्मीदवारों पर मामले

BJP के 152 में से 106 (70 %) (गंभीर आपराधिक 63% )

TMC के 148 में से 63 (43 %) (गंभीर आपराधिक 32%)

CPI(M) के 98 में से 43 (44 %) (गंभीर आपराधिक 37 %)

INC के 151 में से 39 (26%) (गंभीर आपराधिक 22 %)

शैक्षिक योग्यता में डिप्लोमा धारक से लेकर असाक्षर तक

708 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता पांचवीं से बारहवीं के बीच घोषित की, जबकि 698 उम्मीदवारों ने शैक्षिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा घोषित की है। 26 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता डिप्लोमा धारक, ⁠29 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता साक्षर और 14 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता असाक्षर घोषित की है। वहीं बात करें उम्मीदवारों की उम्र की तो 450 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 25 से 40 वर्ष के बीच घोषित की है, जबकि 781 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 41 से 60 वर्ष के बीच घोषित की है। 242 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 61 से 80 वर्ष के बीच घोषित की है। 2 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 80 वर्ष से अधिक घोषित की है। पहले चरण में 167 (11 प्रतिशत ) महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in