निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सरगर्मी के बीच उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में फायरिंग और लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार की रात राजीवपुर इलाके में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक किराना व्यवसाई को निशाना बनाकर गोली चलाई और लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए।
घटना सोमवार रात की है जब राजीवपुर निवासी 36 वर्षीय राकेश मंडल अपनी दुकान बंद कर एक अन्य दुकानदार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर पहले बाइक सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर राकेश के गले से सोने की चेन और लकेट छीन लिया।
जैसे ही बदमाश भागने लगे, राकेश और उनके साथी ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने व्यवसाई को लक्ष्य कर एक राउंड गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली लक्ष्य चूक गई और पास के एक पेड़ में जा लगी। फायरिंग के बावजूद राकेश ने हार नहीं मानी और ईश्वरगाछा तक बदमाशों का पीछा किया। बताया जा रहा है कि रास्ते में एक बदमाश बाइक से उतरकर गलियों में गायब हो गया, जबकि बाकी तीन बाइक पर भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही अशोकनगर थाने की पुलिस बल मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है।