

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : फायर स्टेशन बाराटांग के दमकल कर्मियों ने 25 फरवरी 2026 की रात 8:40 बजे एक आपातकालीन कॉल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उस समय सराहनीय साहस और तत्परता का परिचय दिया, जब एक विशाल पेड़ उच्च वोल्टेज विद्युत लाइन के नीचे सड़क पर गिर गया था और गंभीर रूप से घायल मरीज नंबियम्मा, जो पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटना की पीड़िता हैं, को सीएचसी मायाबंदर से श्री विजयापुरम ले जा रही एंबुलेंस का रास्ता अवरुद्ध हो गया था।
टीम ने तुरंत चेन सॉ, रस्सियों, क्रोबार तथा एलईडी टावर लाइट सहित काटने और उठाने वाले उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, ताकि मरीज को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके।
स्थिति अत्यंत गंभीर थी, क्योंकि ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन बड़ा खतरा उत्पन्न कर रही थी, लेकिन टीम ने दक्षता और सावधानी के साथ सड़क को साफ किया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि पेड़ को सुरक्षित ढंग से हटाया जाए, जिससे किसी प्रकार का विद्युत हादसा न हो। इसके बाद एंबुलेंस श्री विजयापुरम के लिए रवाना हो सकी, जिससे बहुमूल्य समय की बचत हुई।
दमकल टीम समय पर घटनास्थल पर पहुंची और मरीज के लिए जोखिम को न्यूनतम किया। उन्होंने चेन सॉ, रस्सियों, क्रोबार और हुक की सहायता से लगभग 20 मिनट के भीतर पेड़ को काटकर सड़क से हटाया और मरीज की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
पांच सदस्यों वाली फायर सर्विसेज टीम ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित ढंग से पेड़ हटाने की प्रक्रिया पूरी की। टीम में एएसआई एस. सुब्बा राज, एएसआई जी. अजीत कुमार, एचसी 330 एस. सुगुमारन, एचसी 1076 राजेश गुप्ता तथा एचसी 2482 टी. कृष्णा राव शामिल थे।
उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप मरीज को सुरक्षित रूप से श्री विजयापुरम पहुंचाया गया और इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद यात्रियों तथा मरीज के परिजनों ने दमकल कर्मियों की तत्परता और समर्पण के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटना की पीड़िता होने के कारण मरीज को तत्काल चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता थी। समय पर की गई इस कार्रवाई ने न केवल मरीज का जीवन बचाया, बल्कि संभावित विद्युत दुर्घटना को भी टाल दिया।