

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : तारापीठ और कोलकाता के होटलों में हाल ही में हुई भयावह आग की घटनाओं के बाद हावड़ा प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी संभावित अग्निकांड को रोकने के उद्देश्य से शुक्रवार को दमकल विभाग और गोलाबाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हावड़ा बस स्टैंड से सटे विभिन्न होटलों और लॉजों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
सुरक्षा व्यवस्था में मिली गंभीर खामियां
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। दमकल अधिकारी जयेश कांजीलाल ने बताया कि अधिकांश होटल-लॉजों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के रास्ते (इमरजेंसी एग्जिट) भी अवरुद्ध मिले, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं।
लापरवाही पर सील होंगे होटल
प्रशासन ने लापरवाह संचालकों को नोटिस जारी कर अग्निशमन व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य मंत्री उमेश राय ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम न मानने वाले होटलों को तुरंत बंद कराया जाएगा। इस कड़ी कार्रवाई से इलाके के होटल संचालकों में हड़कंप व्याप्त है।