गोल्फग्रीन में गेस्ट हाउस में आग, कोई हताहत नहीं

दमकल के 4 इंजनों ने आग पर पाया काबू
गोल्फग्रीन की आग
गोल्फग्रीन के गेस्ट हाउस में लगी आग के बाद घटनास्थल पर पहुंचे दमकल कर्मीगोल्फग्रीन की आग
Published on

कोलकाता : कोलकाता के प्रिन्स अनवर शाह रोड स्थित एक बहुमंजिला गेस्ट हाउस में गुरुवार दोपहर को आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे दमकल के 4 इंजनों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, यह आग इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी थी। इसी इमारत में एक शैक्षणिक संस्थान और कई कार्यालय भी स्थित हैं। घटना दोपहर करीब 1 बजे की है, जब अचानक ऊपरी मंजिल से धुआं निकलते देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने लगी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सौभाग्यवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

दमकल सूत्रों के अनुसार, आग इमारत की छत पर बने एक अस्थायी ढांचे में लगी थी। वहां रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, आग को निचली मंजिलों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। गेस्ट हाउस में काम करने वाली रसोइया उषा दास ने बताया, ‘मैं नीचे रसोई में काम कर रही थी। अचानक खिड़की से देखा कि धुआं उठ रहा है। तभी पता चला कि ऊपर आग लगी है।’ वहीं, एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि जिस हिस्से में आग लगी, वह आमतौर पर इस्तेमाल नहीं होता था। ऐसे में आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, आग लगने से आस-पास की इमारतों में भी दहशत फैल गई थी, क्योंकि क्षेत्र घनी आबादी वाला है और बहुमंजिली इमारतों से घिरा हुआ है। हालांकि, त्वरित कार्रवाई और दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस आग कैसे लगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in