

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : चटर्जीहाट थाना क्षेत्र के ब्रजनाथ लाहिड़ी लेन में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रिहायशी मकान में लगे बिजली के मीटर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी। मकान से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने बिना समय गंवाए तुरंत दमकल विभाग को हादसे की जानकारी दी।
जलजमाव बनी दमकल के लिए चुनौती
सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। हालांकि, मूसलाधार बारिश के कारण इलाके की मुख्य सड़कों और गलियों में भारी जलजमाव हो गया था। सड़कों पर पानी भरा होने की वजह से दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत और देरी का सामना करना पड़ा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
तमाम चुनौतियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचते ही तत्परता दिखाई और युद्ध स्तर पर आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि बिजली के मीटर में किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के सटीक और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।