निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बाली स्थित अंबिका जूट मिल में बुधवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार मिल के 16 नंबर गोदाम में आग लग गई। प्रारंभिक अनुमान है कि कटिंग मशीन में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जिसके बाद देखते ही देखते आग गोदाम के एक हिस्से में फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मी आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुट गए।
दमकल के तीन इंजन ने आग पर पाया काबू
एहतियात के तौर पर गोदाम के आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया गया तथा कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से गोदाम में रखे जूट और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। शॉर्ट सर्किट को आग लगने की प्राथमिक वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।