बारासात में कारखाने में लगी आग पर काबू पा लिया गया : अधिकारी

बारासात में कारखाने में लगी आग पर काबू पा लिया गया : अधिकारी
Published on

कोलकाता : बारासात स्थित एक गोदाम-सह-कारखाना परिसर में शनिवार शाम लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। दमकल अधिकारी ने बताया कि आग करीब तीन लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैले परिसर को प्रभावित कर चुकी है। अधिकारी के अनुसार, इस परिसर में पेंट बनाने के कुछ कारखाने के अलावा टेलीविजन, वातानुकूलक (एसी) आदि के गोदाम भी स्थित थे। बारासात पुलिस जिले की पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा झारखरिया ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि बारासात के कदंबगाची में स्थित यह परिसर अब भी इतना गर्म है कि किसी के लिए अंदर जाना मुश्किल है। दमकल अधिकारी ने बताया कि परिसर को ठंडा करने के लिए 10 दमकल वाहनों को तैनात किया गया है। शनिवार शाम को करीब सात बजकर 30 मिनट पर आग लगने के बाद कम से कम 20 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगाई गई थीं। अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in