

नयी दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली अग्नि शमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी।
डीएफएस के अनुसार, आज सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित 'फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल' में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने तथा राहत कार्य शुरू किया।
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है। पुलिस, दमकल सेवाओं और अन्य आपातकालीन टीमों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
मृतकों में कई विदेशी नागरिक
अधिकारियों ने अत्यंत दुख के साथ बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव और तलाश अभियान अभी भी जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें अधिकतर लोग पश्चिम एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पहले यह जानकारी दी गई थी कि आग सुबह करीब 8.45 बजे लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी थी। हालांकि बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग वास्तव में मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले हौज रानी क्षेत्र स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ गेस्ट हाउस में लगी। उन्होंने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनहानि पर दु:ख जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मालवीय नगर में हुई आग की घटना में लोगों की मौत पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दु:ख जताया
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने की घटना में जनहानि पर बुधवार को दुख जताया।
संधू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हौज रानी, मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने की घटना को लेकर मैं बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, "मालवीय नगर में आग लगने की विनाशकारी घटना में जनहानि से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।"
उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के बारे बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कैट्स एम्बुलेंस सेवाओं और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीम को तुरंत काम पर लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिसर से कई लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने में मदद मिली। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।