राहुल गांधी
टॉप न्यूज़
पिता राजीव की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी : राहुल
राहुल ने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक बातचीत के दौरान कही
नयी दिल्ली :
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उनके पिता की सुरक्षा व्यवस्था जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। इसके लिए पहले से माहौल तैयार किया गया था। राहुल ने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया। यह चर्चा सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के इर्द-गिर्द हुई। 16 नवंबर को दिल्ली में लॉन्च हुई इस पुस्तक में सोनिया ने अपने जीवन के निजी अनुभवों और परिवार से जुड़ी यादों को दर्ज किया है। बातचीत में राहुल और प्रियंका ने भी कुछ ऐसे प्रसंग साझा किए, जिनसे राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंताएं सामने आईं।
राहुल ने मां से कहा था : जल्द पापा के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है :
सोनिया गांधी ने बातचीत में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार के दौरे पर गए थे। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और खुले जीप में चुनाव प्रचार कर रहे थे। दौरे के दौरान भीड़ की ओर से उन पर पत्थर फेंके गए। सोनिया ने इस अनुभव को बेहद डरावना बताया।उन्होंने कहा कि बिहार से लौटने के बाद राहुल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। राहुल ने अपनी मां से कहा था कि अगर उनके पिता की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ सकता है। राहुल ने इस घटना को आखिरी चेतावनी बताते हुए कहा कि वह पहले भी सुरक्षा को लेकर अपनी आशंकाएं जाहिर कर चुके थे। उनके मुताबिक, इसके बावजूद सुरक्षा बहाल करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
विपक्ष करता था सुरक्षा व्यवस्था का मजाक :
राजीव गांधी 1984 में अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई थी। वह कई वर्षों तक सार्वजनिक कार्यक्रमों और चुनावी रैलियों में बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर जाते थे। हालांकि, उनकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था विपक्षी दलों के निशाने पर भी रहती थी। 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद वीपी सिंह के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन सत्ता में आया। उस दौरान राजीव की सुरक्षा को लेकर यह टिप्पणी भी की गई कि कमांडो के घेरे में रहने के कारण वह आम लोगों से कट गए हैं। राजीव गांधी ने भी 1991 में बिहार की एक रैली में सुरक्षा और जनता के बीच दूरी का जिक्र किया था। 5 मई को उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद व्यवस्था ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया। उन्होंने माना था कि खतरा अब भी बरकरार है, लेकिन उनके सामने दो ही विकल्प हैं- या तो चुनाव प्रचार करें या अपनी सुरक्षा की चिंता में लगे रहें।
प्रियंका बोलीं- मां रातभर पिता की सुरक्षा को लेकर रहती थीं चिंतित :
बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने परिवार के उन दिनों को याद किया, जब इंदिरा गांधी की हत्या के बाद घर में सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती थी।उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी घर की सुरक्षा व्यवस्था पर खुद नजर रखती थीं। वह कांटेदार तारों की जांच करती थीं और यह भी देखती थीं कि सुरक्षा में तैनात गार्ड जाग रहे हैं या नहीं। प्रियंका ने बताया कि उनका कमरा घर के सामने की तरफ था। वह रात में तब तक सो नहीं पाती थीं, जब तक उन्हें अपने पिता के कदमों की आवाज सुनाई नहीं दे जाती थी। आखिरकार 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। एक महिला चंदन की माला लेकर उनके पास पहुंची और अभिवादन के लिए झुकी। इसी दौरान विस्फोट हुआ। उस समय राजीव गांधी 46 वर्ष के थे।
सोनिया ने बताया- प्रधानमंत्री पद छोड़ने के फैसले में मन में था असमंजस :
इस बातचीत में सोनिया गांधी ने 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की जीत के बाद उनके सामने प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव था। उस समय वह असमंजस में थीं। एक तरफ उन्हें सत्ता का आकर्षण महसूस हो रहा था, तो दूसरी ओर चुनाव में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास था। सोनिया ने कहा कि देशभर में कांग्रेस के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने जीत के लिए बहुत मेहनत की थी। ऐसे में उन्हें लगा कि प्रधानमंत्री बनने से इनकार करना उन लोगों को निराश करने जैसा होगा।
राहुल बोले- मां के फैसले से कमरे में मौजूद लोग खुश थे :
राहुल गांधी ने भी 2004 के उस घटनाक्रम को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय परिवार के सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री पद को लेकर चर्चा कर रहे थे। राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक ऐसा व्यक्ति मौजूद था, जिसमें प्रधानमंत्री बनने की पूरी योग्यता और क्षमता थी। उन्होंने कहा कि जब सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला सुनाया, तो कमरे में मौजूद लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। राहुल के मुताबिक, उनकी मां के इस निर्णय से वहां मौजूद लोग राहत और संतोष महसूस कर रहे थे।

