किसानों का रास्ता रोकने पर बवाल, मारपीट में 3 घायल, 3 गिरफ्तार

Clash Over Blocked Farm Route in Swarupnagar: 3 Farmers Injured, 3 Arrested
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर 24 परगना : स्वरूपनगर ब्लॉक के बांग्लानी ग्राम पंचायत अंतर्गत नयाग्राम इलाके में खेतों में जाने वाला रास्ता बंद करने को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। विरोध करने पर हुई झड़प में तीन किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वरूपनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

कृषि प्रधान नयाग्राम के किसान लंबे समय से खेतों तक पहुँचने के लिए एक पारंपरिक रास्ते का इस्तेमाल करते आ रहे थे। आरोप है कि हाल ही में उस रास्ते के पास जमीन खरीदने वाले व्यक्ति ने सूअर पालन शुरू कर दिया और किसानों की आवाजाही रोकने के लिए रास्ते की घेराबंदी कर दी।

बुधवार सुबह जब किसानों ने उस रास्ते से जाने की कोशिश की, तो बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गई। इस हमले में तीन किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए।

अस्पताल और पुलिस की कार्रवाई

घायलों को पास के शाड़ापुल ग्रामीण अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ एक किसान के सिर पर 8 और दूसरे के सिर पर 17 टांके आए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने बीतान मंडल, सुकांत मंडल और सुमन मंडल नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों को बशीरहाट अनुमंडल अदालत में पेश किया जाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in