

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित 7वें वेतन आयोग की पहली बैठक सोमवार को नवान्न में हुई। आयोग ने अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सेवाओं और वैधानिक निकायों, निगमों और उपक्रमों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। आयोग ने अपने काम को पूरा करने के रोडमैप पर भी शुरुआती चर्चा की। जानकारी के मुताबिक आयोग ने जानकारी देने, सुझाव मांगने के लिए नोटिस जारी करने, डेटा इकट्ठा करने और ज्ञापन प्राप्त करने आदि के लिए एक वेबसाइट शुरू करने का फैसला किया है। आयोग के काम से जुड़ी सभी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। वहीं कई भ्रामक और बिना पुष्टि वाली जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जाने के मामले सामने आ रहे हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चूंकि आयोग ने अभी-अभी काम करना शुरू किया है, इसलिए अब तक आयोग द्वारा कोई सिफारिश नहीं की गई है। आयोग ने सभी संबंधित लोगों से अनुरोध किया है कि वे आयोग के कामकाज के बारे में अनधिकृत स्रोतों से मिलने वाली ऐसी अनधिकृत और तथ्यात्मक रूप से गलत जानकारी पर भरोसा न करें।