स्कूल विवाद सुलझाने के नाम पर की थी धोखाधड़ी की कोशिश!

पीएमओ की जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज
Fake PMO Officer Akanksha Vidyarthi Arrested from Delhi Brought to Howrah
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की फर्जी अधिकारी बनकर नवान्न में राज्य के लोक निर्माण मंत्री के साथ बैठक करने के आरोप में गिरफ्तार महिला आकांक्षा विद्यार्थी को हावड़ा सिटी पुलिस शुक्रवार सुबह ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली से हावड़ा लेकर पहुंची। शिवपुर थाने की पुलिस शुक्रवार सुबह आरोपी महिला को कोलकाता एयरपोर्ट से सीधे थाने लेकर आई, जहां से उसे हावड़ा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी पहचान बताने सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कूचबिहार के एक व्यवसायी के अंग्रेजी माध्यम का स्कूल खोलने के दौरान आई दिक्कतों के सिलसिले में आकांक्षा के संपर्क में आया था।

नवान्न में मंत्री से मिलने वाली महिला का ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया हावड़ा

आरोपी महिला ने खुद को पीएमओ की वरिष्ठ अधिकारी बताया था और सोशल मीडिया पर भाजपा के कई शीर्ष नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कर रखी थीं। कुछ दिनों पहले उसने ईमेल कर लोक निर्माण मंत्री से मिलने का समय मांगा था। बीते बुधवार को वह नवान्न पहुंची, लेकिन बातचीत के दौरान उसके बयानों में गड़बड़ी देखकर अधिकारियों को संदेह हुआ। जब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सीधे पीएमओ से संपर्क किया, तो पता चला कि उस नाम की कोई अधिकारी वहां कार्यरत नहीं है। अधिकारियों को भनक लगते ही महिला नवान्न से निकलकर दिल्ली की फ्लाइट पकड़ चुकी थी। इसके बाद हावड़ा सिटी पुलिस की एक विशेष टीम ने दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके के एक फ्लैट में छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फर्जी पहचान के साथ नवान्न पहुंचने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इस साजिश में कौन-कौन शामिल हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in