तारातला में फैक्ट्री शेड गिरा, कई मजदूर घायल

लोहे के बीम और टिन की छत गिरने से मची अफरा-तफरी, दमकल और स्थानीय लोग चला रहे रेस्क्यू ऑपरेशन
तारातला में फैक्ट्री शेड गिरा, कई मजदूर घायल
Published on

कोलकाता: दक्षिण कोलकाता के तारातला इलाके में एक फैक्ट्री का शेड अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि करीब 40 से 45 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। घायलों को मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया है।

लोहे के बीम और टिन की छत के नीचे दबे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के गोदाम का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। टिन की छत और लोहे के भारी बीम गिरने से कई लोग उनके नीचे दब गए।

कुछ घायलों के हाथ-पैर बुरी तरह कुचल गए हैं, जबकि कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कई घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के समय अंदर कई मजदूर और कर्मचारी मौजूद थे। गोदाम के अंदर एक छोटा कार्यालय भी बनाया गया था, जहां से काम संचालित किया जाता था।

क्रेन की मदद से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। लोहे के बीम काटकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

रेस्क्यू टीम को भारी लोहे के ढांचे को हटाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

निर्माण के दौरान पहले भी हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, इलाके में एक फैक्ट्री का गोदाम तैयार किया जा रहा था। निर्माण के दौरान पहले भी यह ढांचा एक बार गिर चुका था।

इसके बाद किसी तरह इसकी मरम्मत कर शेड के नीचे काम जारी रखा गया था। इसी दौरान अचानक पूरा टिन शेड गिर गया और बड़ा हादसा हो गया।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in