खाड़ी में गूंजे धमाके, जंग का दायरा बढ़ा

यह हमले अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर जारी हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं।
खाड़ी में गूंजे धमाके, जंग का दायरा बढ़ा
Published on

ईरान की जवाबी कार्रवाई के तीसरे लगातार दिन खाड़ी देशों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और कतर की राजधानी दोहा में विस्फोटों से दहशत फैल गई। यह हमले अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर जारी हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं।

सोमवार तड़के कुवैत में भी तेज धमाके और सायरन सुनाई दिए। रॉयटर्स के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने अमेरिकी दूतावास के पास धुआं उठते देखा। सरकारी कुवैत समाचार एजेंसी ने नागरिक सुरक्षा प्रमुख के हवाले से बताया कि रुमैथिया और सलवा इलाकों के पास अधिकांश ड्रोन हमलों को वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया।

तेहरान ने चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा, क्योंकि अमेरिका-इज़राइल के हमले लगातार तीसरे दिन भी जारी रहे। ईरान ने खाड़ी शहरों के कई नागरिक और व्यावसायिक इलाकों पर हमले किए हैं, जिससे क्षेत्र के अहम विमानन और व्यापारिक केंद्रों पर असर पड़ा है।

बहरीन के गृह मंत्रालय ने हवाई हमले की चेतावनी जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। राजधानी मनामा को जोड़ने वाला शेख खलीफा बिन सलमान ब्रिज बंद कर दिया गया है और निवासियों से केवल आवश्यक होने पर मुख्य सड़कों का उपयोग करने को कहा गया है।

हिंसा में कुवैत में एक, यूएई में तीन और कतर में 16 लोग घायल हुए हैं। वहीं ईरान में 201 लोगों की मौत और 747 घायल हुए हैं, जबकि इज़राइल में नौ की मौत और 121 घायल बताए गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in