ईरान में फिर गूंजे धमाके! बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास विस्फोट

खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले बढ़ा तनाव, अमेरिकी हमलों में 14 मौत और 78 घायल होने का ईरान का दावा
ईरान में फिर गूंजे धमाके! बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास विस्फोट
Published on

तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच गुरुवार को ईरान के बुशहर से लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने की खबरें सामने आईं। बुशहर में ईरान का प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्र (न्यूक्लियर प्लांट) स्थित है। हालांकि, बुशहर के गवर्नर ने स्पष्ट किया कि परमाणु संयंत्र पर कोई हमला नहीं हुआ है और प्लांट सुरक्षित है।

इसी बीच, जॉर्डन में अचानक एयर रेड सायरन बजने से हड़कंप मच गया। जॉर्डन को क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का अहम केंद्र माना जाता है और वहां अमेरिका के कई रक्षा संसाधन तैनात हैं। वहीं, कुवैत ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा हालात को देखते हुए हाई अलर्ट (रेड अलर्ट) जारी कर दिया है।

उधर, ईरान अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है। खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों को गुरुवार को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ईरानी मीडिया के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को ले जा रहे विमान को शहीद हाशमी नेजाद हवाई अड्डे पर उतरने से पहले लड़ाकू विमानों ने सुरक्षा घेरे में एस्कॉर्ट किया।

इस बीच, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि पिछले दो दिनों में अमेरिकी हवाई हमलों में 14 लोगों की मौत हुई है और 78 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका ने इस दौरान ईरान के पांच प्रांतों में हवाई हमले किए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बढ़ते तनाव के कारण पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। क्षेत्र के कई देशों ने एहतियाती कदम उठाए हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील कर रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in