

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के पर्यटन विभाग ने एक ऐस पहल की है जो द्वीपों की खूबसूरती को बिल्कुल नए अंदाज में दुनिया के सामने लाने वाली है। विभाग ने पूर्व-निर्धारित जलमार्गों पर हाउसबोट संचालन शुरू करने के लिए प्रतिष्ठित और अनुभवी संचालकों से अभिरुचि पत्र आमंत्रित किए हैं। यह पहल पर्यटन जगत में एक नए सफर की शुरुआत मानी जा रही है। भारत का यह अनोखा द्वीपसमूह अपने स्वच्छ समुद्र तटों, जीवंत प्रवाल भित्तियों और घने वनों के कारण दुनिया भर के यात्रियों का सपना रहा है। पर्यटन विभाग का लक्ष्य न केवल आगंतुकों को नया अनुभव देना है, बल्कि प्रकृति और संस्कृति के उस मिश्रण को उजागर करना भी है जो इन द्वीपों को विशिष्ट बनाता है। यहाँ की फौलादी जैव-विविधता, रहस्यमय वेटलैंड और विदेशी मैंग्रोव, पर्यटक अनुभवों को और भी समृद्ध करते हैं। हाउसबोट पर्यटन कोई नई अवधारणा नहीं है। विश्व के कई देशों में यह सदियों से लोगों को जलमार्गों पर चलते हुए प्रकृति के करीब रहने का मौका देता आया है। भारत के केरल और कश्मीर से लेकर नीदरलैंड, ब्रिटेन और कनाडा तक, हाउसबोट यात्राएँ हमेशा से यात्रियों के दिलों पर राज करती रही हैं। इन यात्राओं में इतिहास, विलासिता, शांति और स्थानीय संस्कृति सब कुछ एक साथ मिलता है।
अंडमान में हाउसबोट पर्यटन, भारत के सबसे स्वच्छ और फिक्र-मुक्त जलमार्गों पर एक जादुई अनुभव साबित हो सकता है। खुले समुद्र, अनछुए बैकवाटर, हरियाली से भरे मार्ग और शांत जलधाराएँ पर्यटकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाएँगी जहाँ समय धीमा पड़ जाता है। यहाँ कोई सिर्फ यात्रा नहीं करेगा, बल्कि हर मोड़ पर प्रकृति को महसूस करेगा। कभी शांत जल पर तैरती नाव में, कभी घने मैंग्रोवों की छाँव में। यात्री अपनी इच्छा के अनुसार डे-ट्रिप, रातभर की यात्रा या कई दिनों की क्रूज यात्रा चुन सकते हैं। अनुकूलित हाउसबोट टूर इस उष्णकटिबंधीय स्वर्ग का ऐसा अनुभव देंगे जिसे कोई जीवनभर नहीं भूल पाएगा।