निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : पश्चिम बंगाल के बनगांव क्षेत्र से पूर्व विधायक और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व संगठनात्मक जिलाध्यक्ष विश्वजीत दास को गोपालनगर थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विश्वजीत दास के पास अवैध आग्नेयास्त्र (हथियार) मौजूद है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनके आवास और निजी वाहन की गहन तलाशी ली, जहां से एक अवैध हथियार बरामद होने का दावा किया गया है। विश्वजीत दास का राजनीतिक सफर काफी चर्चित रहा है। वे बनगांव उत्तर विधानसभा सीट से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। पहली बार उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी, जबकि 2021 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के टिकट पर विधायक बने। हालांकि, चुनाव जीतने के कुछ ही महीनों बाद वे वापस तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वर्ष 2024 में उन्हें तृणमूल के बनगांव संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए विधायकी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पुलिस अधीक्षक बोलीं- शिकायत के आधार पर हुई गिरफ्तारी, जांच जारी
हाल के दिनों में उनके तृणमूल कांग्रेस से दूर जाने और राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही थीं। उनकी गिरफ्तारी के बाद बनगांव पुलिस जिला की पुलिस अधीक्षक विदिशा कलिता दासगुप्त ने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और मामले की आगे जांच की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई पर भाजपा विधायक देवदास मंडल ने कहा कि यह गिरफ्तारी काफी पहले ही हो जानी चाहिए थी।