

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 :
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों को गति दे दी है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कोलकाता में एक उच्च-स्तरीय कार्यशाला आयोजित की, जिसमें EVM की फर्स्ट-लेवल चेकिंग (FLC) और मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस कार्यशाला में भारतीय चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती की अगुवाई में 24 डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट और चीफ इलेक्शन ऑफिसर के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस बार चुनाव आयोग ने एक अहम फैसला लिया है कि EVM में उम्मीदवारों की तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी, जिससे वोटरों को अधिक स्पष्टता और पारदर्शिता मिलेगी। इसके अलावा, मतदान केंद्रों की संख्या में भी 15,000 का इजाफा किया जाएगा, जिससे कुल बूथों की संख्या 95,000 तक पहुंच जाएगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि EVM और VVPAT की टेस्टिंग प्रक्रिया को आगामी चुनावों से पहले कई बार दोहराया जाएगा, ताकि चुनावी प्रक्रिया न केवल निष्पक्ष और पारदर्शी हो, बल्कि यह पूरी तरह से विश्वसनीय भी बने।
15 जनवरी तक 52 स्थानों पर चलेगी FLC प्रक्रिया
इस वर्कशॉप का उद्देश्य 27 नवंबर से शुरू होने वाली FLC प्रक्रिया की जानकारी और प्रशिक्षण देना था, जो 15 जनवरी 2026 तक 52 स्थानों पर चलेगी। इस सेशन में EVM और VVPAT के संचालन, सिक्योरिटी फीचर्स, रैंडमाइजेशन, पोल प्रोसीजर, और काउंटिंग प्रोटोकॉल पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। ECIL के एक्सपर्ट पी.सी. मंडल और ECI के मधुसूदन गुप्ता ने मशीनों से जुड़ी आम गलतियों और सावधानियों पर चर्चा की। वर्कशॉप का समापन एक डाउट-क्लियरिंग सेशन और इवैल्यूएशन एक्सरसाइज के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने पुष्टि की कि उन्हें सभी टॉपिक्स की पूरी जानकारी मिल चुकी है।
मुख्य बिंदु:
EVM पर उम्मीदवार की तस्वीरें : वोटरों को अधिक पारदर्शिता मिलेगी।
2026 चुनाव के लिए पोलिंग बूथ बढ़ाए जाएंगे : 15,000 नये बूथों की योजना।
सख्त निगरानी और पारदर्शिता : EVM प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भूमिका।
EVM, VVPAT की टेस्टिंग और प्रशिक्षण
चुनाव आयोग ने EVM, बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और VVPAT मशीनों की फिजिकल टेस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया। कार्यशाला में इन मशीनों की कार्यक्षमता, खराब मशीनों का प्रबंधन और स्ट्रॉन्ग रूम में भंडारण प्रोटोकॉल पर भी गहन चर्चा की गई।
SIR प्रक्रिया पर राजनीतिक विवाद
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर राजनीतिक विवाद उठ खड़ा हुआ है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इसे मतदाताओं के अधिकारों का उल्लंघन करार दिया, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने TMC पर चुनाव अधिकारियों पर हमला करने और चुनावों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। इस विवाद से आगामी चुनावों की विश्वसनीयता पर असर पड़ने की आशंका है।