

मद्रास क्रोकोडाइल बैंक ने जतायी नाराजगी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
काेलकाता : अलीपुर जू में चार महीने पहले लाए गए अमेजन के प्रसिद्ध ग्रीन एनाकोंडा अभी तक दर्शकों के सामने नहीं आए हैं। 8 अगस्त को मद्रास क्रोकोडाइल बैंक से लाए गए इस एनाकोंडा के जोड़े को जू की 150वीं वर्षगांठ 24 सितंबर को पेश करने की योजना थी। लेकिन अभी तक वे आम जनता से ओझल हैं। सूत्रों के अनुसार, चिड़ियाघर में आने के कुछ ही दिनों बाद ये एनाकोंडा बीमार पड़ गए। पहले उन्हें त्वचा संबंधी समस्याएँ हुईं और अब आंखों में संक्रमण की समस्या सामने आई है। उनकी देखभाल और उपचार पर्दे के पीछे किया जा रहा है। इसी कारण वर्तमान में उन्हें दर्शकों से दूर रखा गया है। जू प्रशासन ने कहा है कि उनका स्वास्थ्य प्राथमिकता है और जैसे ही उनकी हालत में सुधार होगा, उन्हें जनता के सामने पेश किया जाएगा।
बीमार ‘ग्रीन एनाकोंडा’ का इलाज जारी
अलीपुर चिड़ियाघर के असिस्टेंट डायरेक्टर सौमेन मंडल ने बताया कि चिड़ियाघर में लाए गए ग्रीन एनाकोंडा में से एक की आंखों में संक्रमण है, जिसका इलाज अभी चल रहा है। डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद ही उन्हें दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। इस बीच, मद्रास क्रोकोडाइल बैंक ने अलीपुर चिड़ियाघर प्रशासन पर असंतोष जताया है। उनका आरोप है कि एनाकोंडा को शुद्ध पानी में नहीं रखा गया, जिसके कारण एक सांप को चर्म रोग हो गया और उसकी वृद्धि भी प्रभावित हुई। चिड़ियाघर प्रशासन ने हालांकि बताया कि उचित उपचार के बाद स्थिति में सुधार हुआ है।चार महीने पहले लाए गए इस विशालकाय एनाकोंडा के जोड़े को 24 सितंबर को जू की 150वीं वर्षगांठ पर प्रदर्शित करने की योजना थी, लेकिन अभी तक वे जनता के सामने नहीं आए हैं। उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के कारण उन्हें अभी दर्शकों से दूर रखा गया है। जू में आने वाले लोग अब भी बेसब्री से इन “ग्रीन मेहमानों” को देखने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही स्वास्थ्य सही होने पर एनाकोंडा को जनता के सामने पेश किया जाएगा।