

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, आज श्री विजयपुरम स्थित वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नया इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया। इस अवसर पर हवाई अड्डा निदेशक देवेन्द्र यादव तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। हवाई अड्डे के भीतर यह सुविधा यात्रियों, कर्मचारियों और आम जनता के लिए उपलब्ध होगी। स्टेशन में सहज भुगतान सुविधा है और आदर्श परिस्थितियों में मात्र एक घंटे में ईवी को पूर्ण चार्ज किया जा सकता है। कार्यक्रम में यादव ने कहा, “ईवी की बढ़ती मांग के बीच यह ज़रूरी है कि हम आवश्यक ढांचा उपलब्ध कराएं।” आधुनिक तेज़-चार्जिंग तकनीक से युक्त यह स्टेशन क्षेत्र में ईवी अपनाने को बढ़ावा देगा और हवाई अड्डे को एक पर्यावरण-जागरूक परिवहन केंद्र के रूप में सशक्त बनाएगा।