

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के डोमजूड़ और मकड़दह बाजार में आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों और संभावित जमाखोरी को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एनफोर्समेंट ब्रांच मुख्यालय की अगुवाई में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने इन बाजारों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चीनी की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाना और बाजार में कृत्रिम संकट पैदा करने वाले कालाबाजारियों पर शिकंजा कसना था।
चीनी की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर पैनी नजर
अभियान के दौरान अधिकारियों ने चीनी की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारणों की गहनता से पड़ताल की। टीम ने दुकानों और गोदामों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं व्यापारी अत्यधिक स्टॉक रखकर जमाखोरी तो नहीं कर रहे। एनफोर्समेंट ब्रांच की इंस्पेक्टर श्राबर्णी राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारियों को जायज मुनाफा कमाने का अधिकार है, लेकिन अवैध भंडारण और उपभोक्ताओं का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाट-माप उपकरणों की जांच, लापरवाह व्यापारियों को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान लीगल मेट्रोलॉजी (वेट एंड मेजरमेंट) विभाग की टीम ने दुकानों में इस्तेमाल होने वाले कांटों और बाटों की जांच की। इस दौरान कई दुकानदारों के उपकरणों का नवीनीकरण (रिन्यूअल) न होने की बात सामने आई, जिस पर उन्हें तत्काल नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (हेडक्वार्टर), स्थानीय पुलिस और उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चले इस अभियान का मकसद आम जनता को घटतौली और महंगाई से राहत दिलाना है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।