

81 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य सरकार ने स्कूल के विद्यार्थियों के पोषण स्तर को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मिड-डे मील योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब राज्य के 81 लाख 19 हजार 415 विद्यार्थियों को अतिरिक्त अंडे उपलब्ध कराए जाएंगे। यह व्यवस्था ‘फ्लेक्सी फंड’ के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह 12 दिनों तक अतिरिक्त अंडे दिए जाएंगे। यह आगामी 31 मार्च तक प्रभावी रहेगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
मिड-डे मील में केंद्रीय और राज्य योगदान बढ़ा
27 नवंबर 2024 को केंद्रीय शिक्षा विभाग ने मिड-डे मील के लिए आवंटन में वृद्धि की घोषणा की थी। इसके अनुसार प्राथमिक स्तर के लिए 74 पैसे तथा उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 1 रुपया 12 पैसे की बढ़ोतरी की गई। इसके परिणामस्वरूप प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए प्रति छात्र 6 रुपये 19 पैसे निर्धारित किए गए हैं, जिसमें केंद्र सरकार 3 रुपये 71 पैसे का योगदान देगी। दिसंबर माह में राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने भी प्रति छात्र 2 रुपये 48 पैसे देने की घोषणा की। इसके बाद कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए कुल आवंटन 9 रुपये 29 पैसे प्रति छात्र हो गया है। इसमें केंद्र सरकार 5 रुपये 57 पैसे और राज्य सरकार 3 रुपये 72 पैसे वहन करेगी।
फ्लेक्सी फंड से अतिरिक्त पोषण की व्यवस्था
टीचर्स ग्रुप का मानना है कि दाल और सब्जियों के साथ अंडे तथा फल जैसे पोषक तत्व विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 7562.53 लाख रुपये के फ्लेक्सी फंड से शेष राशि का उपयोग अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने में किया जाएगा। शिक्षक संगठनों ने राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए सकारात्मक कदम बताया है।