

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के बाली स्थित तर्कसिद्धांत लेन और जी.टी. रोड से सटे इलाके में बुधवार सुबह दिनदहाड़े हुई छिनताई की घटना से हड़कंप मच गया। मंदिर से पूजा कर लौट रही 70 वर्षीय मीरा भूतिका को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुबह जी.टी. रोड स्थित अपने घर के पास बने मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा के बाद जब वह पैदल घर लौट रही थीं, तभी तर्कसिद्धांत लेन में अचानक बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब आए। महिला जब तक कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन खींच ली और जी.टी. रोड की तरफ बाइक भगा ली।
महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर एकत्र हुए और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार बाइक के कारण आरोपी भागने में सफल रहे। निवासियों का मानना है कि आरोपियों ने महिला की दैनिक दिनचर्या पर पहले से रेकी की होगी। घटना के संबंध में पीड़िता ने बाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।