सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्यभर में जहां भी बदहाल और गड्ढों से भरी सड़कें हैं उनकी जल्द से जल्द मरम्मत कराने की कवायद तेज हो गई है। सीएम शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को नवान्न में इस मुद्दे को लेकर एक अहम बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
कोलकाता से जिलों तक सड़कों की होगी मरम्मत
सूत्रों के मुताबिक बैठक में कोलकाता सहित राज्य के सभी जिलों की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बारिश के बाद खराब हुई सड़कों को जल्द ठीक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
दुर्गापूजा से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य
बैठक में सड़कों की मरम्मत के लिए समय-सीमा भी तय करने की बात सामने आई है। पीडब्ल्यूडी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, विभाग निर्धारित समय-सीमा से पहले ही काम पूरा करने की कोशिश करेगा। अधिकारियों का लक्ष्य दुर्गापूजा से पहले राज्य की प्रमुख सड़कों और गड्ढों की मरम्मत का काम पूरा करना है। सीएम ने निर्देश दिया है कि दस अक्टूबर से पहले सभी मरम्मत कार्य पूरा करना होगा।
जिलावार तैयार होगी रिपोर्ट
प्रशासन की ओर से जिलावार खराब सड़कों की सूची तैयार कर मरम्मत कार्य को गति देने की योजना है। संबंधित विभागों को स्थानीय स्तर पर सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। खासकर उन सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा अधिक है। दुर्गापूजा से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी होने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।