सीमा पार कर पाक जाने वाली महिला को हिरासत में लेने की कवायद

महिला को हिरासत में लेने के लिए पुलिस का एक दल पहुंचा अमृतसर
सीमा पार कर पाक जाने वाली महिला को हिरासत में लेने की कवायद
Published on: 

नागपुर : सीमा पार कर करगिल से पाकिस्तान जाने वाली नागपुर की एक महिला को हिरासत में लेने के लिए शहर की पुलिस का एक दल अमृतसर गया है। पुलिस ने बताया कि ‘पाकिस्तान रेंजर्स’ ने शनिवार को महिला सुनीता जामगडे (43) को बीएसएफ को सौंप दिया। जोन-5 के पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम ने बताया कि महिला 4 मई को अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ नागपुर से निकली और करगिल पहुंची थी, जहां से 14 मई को सीमा पार कर वह पाकिस्तान चली गयी।

महिला को बाद में पाकिस्तानी प्राधिकारियों ने पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि सुनीता अमृतसर पुलिस की हिरासत में है, जिसे वापस लाने के लिए एक अधिकारी और दो महिला कांस्टेबल की टीम वहां भेजी गयी है। कदम ने कहा, ‘हिरासत में लेने के बाद हम उससे पूछताछ करेंगे। हम जांच करेंगे कि क्या वह जासूसी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल तो नहीं थी।’ उन्होंने कहा कि अमृतसर पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर ली है, जिसे नागपुर के कपिल नगर थाने में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। महिला कपिल नगर क्षेत्र की स्थायी निवासी है। अधिकारी ने बताया कि सुनीता के बेटे को भी जल्द ही नागपुर वापस लाया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News