EC ने टीएमसी के दोनों गुटों को भेजा नोटिस

6 जुलाई तक आयोग को देना होगा जवाब
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर अधिकार को लेकर जारी विवाद अब चुनाव आयोग तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार, आयोग ने ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी, दोनों गुटों को नोटिस जारी कर 6 जुलाई, सोमवार शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों सहित अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करने को कहा है।

ममता बनर्जी पहले ही स्वयं को पार्टी की चेयरपर्सन बताते हुए राष्ट्रीय कार्यसमिति की सूची चुनाव आयोग को सौंप चुकी हैं। इसके जवाब में ऋतब्रत गुट ने अलग राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन कर वरिष्ठ नेता अरूप राय को 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' का चेयरपर्सन घोषित किया और पार्टी पर अपना वैध अधिकार होने का दावा किया।

गुरुवार को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता वाली पूर्ण पीठ से मुलाकात के बाद ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया कि उनकी ही असली तृणमूल कांग्रेस है, सभी आवश्यक दस्तावेज आयोग को सौंप दिए गए हैं और निर्धारित समयसीमा के भीतर विस्तृत जवाब भी दाखिल किया जाएगा।

हालांकि, इस मामले पर अब तक ममता तृणमूल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा, "मैं इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह पार्टी ही लेगी।"

अब दोनों पक्षों के दस्तावेजों और दावों की समीक्षा के बाद चुनाव आयोग टीएमसी के संगठन, चुनाव चिह्न और फंड को लेकर अंतिम निर्णय ले सकता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in